क्रिकेट के मैदान पर जिन शॉट्स से करोड़ों दिल जीत चुके हैं, वही रोहित शर्मा जब पिच के बीचों-बीच घुटनों पर बैठकर अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी ‘इनिंग’ शुरू करने वाले थे, तो वह पल भी किसी रोमांटिक फिल्म से कम नहीं था। टीम इंडिया के वनडे कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में अपनी पत्नी रितिका सजदेह को प्रपोज करने की अनसुनी कहानी साझा की, और ये वाकया जितना सच्चा है, उतना ही सपनों जैसा भी।
हरभजन सिंह और गीता बसरा के साथ बातचीत में रोहित ने बड़े प्यार से वो पल दोहराया, जब उन्होंने रितिका को एक सिंपल ‘आइसक्रीम डेट’ के बहाने अपने बचपन के क्रिकेट ग्राउंड – बोरीवली स्टेडियम – पर ले जाकर जिंदगी भर का साथ मांगा था। उन्होंने बताया, “मैंने उससे कहा चलो आइसक्रीम खाने चलते हैं, लेकिन वो आइसक्रीम कभी आई ही नहीं। हम मरीन ड्राइव से निकले, हाजी अली, वर्ली होते हुए बांद्रा पार कर गए। रितिका को अंदाजा भी नहीं था कि मैं उसे कहां लेकर जा रहा हूं।”
जब पिच पर घुटनों पर बैठ गया ‘हिटमैन’
रोहित ने पहले ही अपने एक करीबी दोस्त को बोरीवली ग्राउंड पर बुला लिया था, ताकि वह उस खास लम्हे को कैमरे में कैद कर सके। जब दोनों ग्राउंड पर पहुंचे, चारों ओर अंधेरा था। रितिका को बिल्कुल समझ नहीं आया कि वह किसी क्रिकेट स्टेडियम में आ गई हैं। लेकिन तभी रोहित कार से उतरे और उसे भी साथ ले जाकर पिच के बीचों-बीच घुटनों पर बैठ गए। वहीं, जहां उन्होंने कभी बल्ला थामना सीखा था, वहीं उन्होंने अपने जीवन की सबसे बड़ी पारी की शुरुआत की।
Rohit Sharma telling the story of how he proposed to Ritika Bhabhi 🤣🤭. pic.twitter.com/vZzABHKTSD
— 𝐉𝐨𝐝 𝐈𝐧𝐬𝐚𝐧𝐞 (@jod_insane) June 21, 2025
“मैंने रिंग निकाली, घुटनों पर बैठा और पूछा – क्या तुम मेरी जिंदगी की पार्टनर बनोगी?” रोहित की आंखों में उस पल की चमक आज भी झलकती है। रितिका की आंखें नम थीं, और जवाब में हां कहने के लिए शब्द नहीं, बस मुस्कान काफी थी।
क्रिकेट की पिच पर प्यार की जीत
यह वो ही पिच थी जहां रोहित शर्मा ने बचपन में क्रिकेट खेलना शुरू किया था, और यही पिच गवाह बनी उनके नए जीवन की शुरुआत की। क्रिकेट की दुनिया में जहां उनके रिकॉर्ड, शतक और छक्के छाए रहते हैं, वहीं उनकी लव स्टोरी भी उतनी ही खास और दिल को छू जाने वाली है। यह सिर्फ एक प्रपोजल नहीं था – यह यादों का ताज था, एक क्रिकेटर की ज़िंदगी में वो मोड़ जहां खेल और प्यार का खूबसूरत संगम हुआ।
रोहित का नया अध्याय: मैदान से विदाई, परिवार को समर्पण
टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था, और इसी साल मई 2025 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया। क्रिकेट की जिम्मेदारियों से थोड़ा विराम लेकर अब वो जिंदगी के उन पहलुओं को समय दे रहे हैं, जो हमेशा उनके साथ खड़े रहे – उनका परिवार, उनका प्यार।
शुभमन गिल के नेतृत्व में भारत की नई शुरुआत
रोहित के संन्यास के बाद युवा खिलाड़ी शुभमन गिल को टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई। और उनके नेतृत्व में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में ज़बरदस्त शुरुआत की है। यशस्वी जायसवाल, गिल और ऋषभ पंत – तीनों ने शतक लगाकर दिखा दिया कि रोहित के बाद भी टीम इंडिया का भविष्य उज्ज्वल है।
भारत-इंग्लैंड सीरीज में कौन बनेगा विजेता? सचिन तेंदुलकर ने पहले ही कर दी भविष्यवाणी





